Cosmic-Year लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Cosmic-Year लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 18 मार्च 2016

विराट एवं प्रसारी ब्रह्माण्ड


हम जानते हैं कि जिस पृथ्वी पर हम आवास एवं विचरण करते हैं, वह ब्रह्माण्ड तथा सौरमंडल का मात्र एक औसत आकार का ग्रह है। हमारी विराट पृथ्वी सौरमंडल का एक सदस्य हैं, जिसका मुखिया विशालकाय गर्म गैसयुक्त खगोलीय पिंड सूर्य हैं। सूर्य पृथ्वी पर जीवों की शक्ति का प्रमुख स्रोत है। सूर्य की प्रत्येक हलचल का प्रभाव पृथ्वी के जीव-जगत पर पड़ता हैं। सूर्य इतना अधिक विशाल हैं कि इसमें हमारी पृथ्वी जैसे लगभग 14 लाख खगोलीय पिंड समा सकते हैं।

सौरमंडल का स्वामी होने के बावजूद सूर्य भी विशाल आकाशगंगा-दुग्धमेखला नाम की मंदाकिनी का एक साधारण और औसत तारा है। सूर्य 25 Km/S की गति से आकाशगंगा के केंद्र के चारों तरफ परिक्रमा करता है। आकाशगंगा की एक परिक्रमा को पूर्ण करने में सूर्य को लगभग 25 करोड़ वर्ष लगते हैं। 25 करोड़ वर्ष की इस अत्यंत लम्बी अवधि को ब्रह्माण्ड-वर्ष या कॉस्मिक-ईयर (Cosmic-Year) के नाम से जाना जाता है।

पृथ्वी पर मनुष्य के सम्पूर्ण अस्तित्व-काल में सूर्य ने आकाश-गंगा की एक भी परिक्रमा पूर्ण नहीं की है। कुछ चमकते पिंडो का ही अवलोकन करके मनुष्य की जिज्ञासा शांत नही हुई। आज से सदियों पूर्व जब आज की तरह वैज्ञानिक तथा तकनीकी ज्ञान उपलब्ध नही था, फिर भी हमारे पूर्वजों ने ग्रहों एवं नक्षत्रों से समन्धित अत्यंत उच्चस्तरीय वैज्ञानिक खोजें कीं। इनमें आर्यभट,अरस्तु, टालेमी,आर्किमिडिज,वराहमिहिर,पाईथागोरस, भास्कर इत्यादि खगोलशास्त्रियों के नाम अग्रणी हैं। इन खगोलशास्त्रियों ने सूर्य, पृथ्वी, चन्द्रमा, ग्रहों के गतियों का जो अध्ययन तथा विश्लेषण किया, वह आज भी तथ्यपरक एवं सटीक हैं। इस आधार पर हम यह कह सकते हैं कि खगोलशास्त्र विज्ञान की सर्वाधिक प्राचीनतम शाखा है। शुरुवाती सदियों में खगोलशास्त्र फलित-ज्योतिष का भी वहन करता रहा। परन्तु जब यूरोप में खगोलभौतिकी ने जन्म लिया तब भाग्य तथा अंधविश्वास पर आधारित आवैज्ञानिक फलित-ज्योतिष को खगोलशास्त्र की शाखा से दरकिनार कर दिया गया। परन्तु फिर भी फलित-ज्योतिष मिटा नही और वर्तमान में भी पुरोहित-ज्योतिषी कालज्ञान तथा शुभ-अशुभ मुहूर्तों के भविष्यवक्ता हैं।

खैर,विज्ञान तथा तकनीकी विकास जितना अधिक होता गया ,उतनी ही खगोलीय –पिंडो से समन्धित मानवीय उत्सुकता बढ़ती गयी। बीसवीं सदी तक आते-आते खगोलशास्त्र विज्ञान की एक शाखा के रूप में अत्यंत उन्नत एवं मजबूत हो गयी। अंतरिक्षयात्रा-युग के सूत्रपात के पश्चात् वर्तमान में जनमानस में भी खगोलीय पिंडों के बारे उत्सुकता पैदा हो गया हैं।

जैसाकि हम जानते हैं कि ब्रह्माण्ड मन्दाकिनियो का अत्यंत विराट एवं विशाल समूह है। यहाँ पर कई प्रश्न उठना मानवीय मस्तिष्क के लिये स्वाभाविक हैं कि इतना विराट ब्रह्माण्ड कब, कैसे और किससे उत्पन्न हुआ? ब्रह्माण्ड इतना विशाल क्यों है? आखिर यह कितना विशाल है? क्या यह स्थिर हैं अथवा प्रसारमान? ब्रह्माण्ड में कुल कितना द्रव्यमान है? क्या इसका कुल द्रव्यमान सीमित है अथवा अनंत? ब्रह्माण्ड कब तक प्रसरणशील रहेगा? पुरातन-काल में ब्रह्मांड की स्थिति कैसी रही होगी? इस विराट ब्रह्माण्ड में पृथ्वी का क्या स्थान हैं? ब्रह्माण्ड का भावी परिदृश्य(भविष्य)क्या होगा?

ब्रह्माण्ड से समन्धित उपरोक्त प्रश्नों के उत्तर पाना हमेशा से ही कठिन रहा है! ब्रह्माण्ड की संकल्पना ने मानवीय मस्तिष्क को सदियों से उलझन में डाल रखा हैं। कोई भी यह नहीं बता सकता कि ब्रह्माण्ड का पहले जन्म हुआ या उसके जन्मदाता का? यदि पहले ब्रह्माण्ड का जन्म हुआ तो उसके जन्म से पहले उसका जन्मदाता कहाँ से आया? आपके समक्ष प्रस्तुत इस लेख में इन्ही प्रश्नों के उत्तर ढूढने की एक सामान्य तथा छोटी सी कोशिश की गई है। इस लेख में आपको अतीत व वर्तमान की ज्ञेय ब्रह्माण्ड से समन्धित वैज्ञानिक अवधारणाओं की एक झलक प्राप्त होगी।

ब्रह्माण्ड क्या है?

वास्तविकता में ब्रह्माण्ड के विषय में वैज्ञानिकों को भी बहुत कम जानकारी है। ब्रह्माण्ड के समंध में बहुत कुछ अनुमानों एवं कल्पनाओं के आधार पर वैज्ञानिकों ने अपने मत प्रस्तुत किये हैं। रात्रि के समय आकाश की ओर देखे तो आकाश में फैला हुआ तारों का एक शुभ्र पट्टा दिखाई देता हैं। दरअसल यही आसमान ब्रह्माण्ड का एक छोटा -सा भाग हैं । हम अपनी नेत्रों से जितने भी तारे देख सकते हैं उनके साथ-साथ हम,हमारी पृथ्वी,ग्रह,उपग्रह,उल्का-पिण्ड,धूमकेतु और सूर्य भी विशाल आकाशगंगा के अंग हैं। आकाशगंगा के आकार को समझने के लिये चपटी रोटी की कल्पना कीजिये जिसकी मध्यभाग थोड़ी सी फुली हुई हैं। अरबों-खरबों तारों की एक विशाल योजना को मंदाकिनी कहते हैं। आकाशगंगा एक मन्दाकिनी ही हैं।

क्या सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड को देखा जा सकता हैं? नही,हम सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड को नही देख सकते,यह इतना असीम हैं कि हमारी नजरें वहाँ तक पहुँच ही नही सकती।

विश्व-विख्यात खगोलशास्त्री फ्रेड-होयल के अनुसार ब्रह्मांड सब-कुछ है। अर्थात् पृथ्वी,सूर्य,अंतरिक्ष तथा उसमे उपस्थित सभी खगोलीय पिण्डों, आकाशगंगा, अणु और परमाणु आदि को समग्र रूप से ब्रह्माण्ड कहते हैं। सब-कुछ समेट लेना ब्रह्माण्ड का विशिष्ट गुणधर्म है।

जैसाकि हम जानते हैं कि आकाशीय पिंडो के बनावट,गति इत्यादि के अध्ययन को खगोलशास्त्र कहते हैं। खगोलशास्त्र भी तीन उपशाखाओं में विभाजित हैं,जिसमें खगोल भौतिकी,खगोल जैविकी तथा खगोल गतिकी शामिल हैं। सम्पूर्ण ब्रह्मांड से समन्धित अध्ययन को ब्रह्माण्ड-विज्ञान अथवा कॉस्मोलोजी (Cosmology)कहते हैं।

ब्रह्मांड इतना विशाल हैं कि इसकी हम कल्पना भी नही कर सकते, अरबो-खरबों किलोमीटर लम्बा-चौड़ा मालूम होता है। ब्रह्माण्ड की दूरियाँ इतनी अधिक होती हैं कि हम उसे किलोमीटर या अन्य सामान्य इकाईयों में व्यक्त नही कर कर सकते हैं इसलियें हमे एक विशेष पैमाना निर्धारित करना पड़ा-प्रकाशवर्ष। आइंस्टीन के सापेक्षता सिद्धांत के अनुसार सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड की महत्तम गति हैं प्रकाश की गति। दरअसल प्रकाश की किरणें एक सेकेण्ड में तीन लाख किलोमीटर की दूरी तय करती हैं। इस वेग से प्रकाश-किरणें एक वर्ष में जितनी दूरी तय करती हैं, उसे एक प्रकाश-वर्ष कहते हैं। इसलिए एक प्रकाश-वर्ष 94 खरब, 60 अरब, 52 करोड़, 84 लाख, 05 हजार किलोमीटर के बराबर होता है।

सूर्य हमसे 08 मिनट और 18 प्रकाश सेकेंड दूर है। पृथ्वी तथा सूर्य के बीच की इस दूरी को खगोलीय इकाई या खगोलीय एकक कहते हैं। सूर्य के पश्चात् हमसे सर्वाधिक नजदीकी तारा प्रौक्सिमा -सेंटौरी हैं,जिसकी दूरी लगभग 4.3 प्रकाश-वर्ष है।

प्रकाश-वर्ष हमें समय और दूरी दोनों की सूचना देता है, हम यह भी कह सकते हैं कि प्रौक्सिमा-सेंटौरी से प्रकाश को पृथ्वी तक पहुँचने में 4.3 प्रकाश-वर्ष लगेंगे। आकाश का सर्वाधिक चमकीला तारालुब्धक या व्याध हमसे तकरीबन 9 प्रकाश-वर्ष दूर है। तारों की दूरियां मापने के लिये एक और पैमाने का इस्तेमाल होता है, जिसे पारसेक कहते हैं। एक पारसेक 3.26 प्रकाश-वर्षों के बराबर है। सूर्यहमसे लगभग 8 मिनट और 18 प्रकाश सेकेंड दूर है।

तारों, ग्रहों और आकाशगंगाओं की दूरियां मापने के लिये एक अन्य पैमाने का भी उपयोग किया जाता है, जिसे पारसेक कहते हैं। एक पारसेक 3.26 प्रकाश-वर्षों के बराबर है।

प्रकाश-वर्ष और पारसेक का खगोलीय पैमाना समझ लेने के पश्चात् अब हम ब्रह्माण्ड एवं खगोलशास्त्र से सबंधित बहुत से तथ्यों एवं अवधारणाओं को सुविधानुसार समझ सकते हैं।

आधुनिक खगोलशास्त्र की दो प्रारंभिक अवधारणाएं

आधुनिक खगोलशास्त्र के विकास में जिन दो शुरुआती ब्रह्मांडीय सिद्धांतों ने योगदान दिया है, उनका संक्षिप्त विवरण निम्न है-

पहला भूकेंद्री सिद्धांत (Geocentric theory):- दो विख्यात यूनानी दार्शनिकों प्लेटो तथा अरस्तु ने ब्रह्माण्ड की प्रकृति से सबंधित ऐसा विचार रखा कि वह 2000 से भी अधिक वर्षोँ तक कायम रहा। अरस्तु ने सिद्धांत दिया था कि औसतन खगोल(तथाकथित)में 55 संकेन्द्री क्रिस्टलीय गोले हैं जिनमें खगोलीय पिंड जड़े हुए हैं। उनके सिद्धांत के अनुसार पृथ्वी विश्व(ब्रह्माण्ड)के केंद्र में स्थित हैं एवं सूर्य तथा उस समय ज्ञात अन्य ग्रह पृथ्वी से वर्धमान दूरी के क्रम में परिक्रमा करते हैं।

टालेमी ने सन् 140 ई० में ब्रह्माण्ड का अध्ययन किया और निष्कर्ष में उन्होंने अरस्तु के ब्रह्माण्डीय सिद्धांत में संसोधन करते हुए टालेमी ने अधिचक्रों की परिकल्पना की। टालेमी ने अरस्तु के सिद्धांत में परिवर्तन के भूकेंद्री सिद्धांत की संकल्पना को भी आगे बढ़ाने का भरपूर प्रयत्न किया।

दूसरा सूर्यकेंद्र सिद्धांत (Heliocentric theory):- सन् 1543 में पोलैंड के पादरी एवं खगोलशास्त्री निकोलस कोपरनिकस (1473-1543) ने सूर्यकेंद्री सिद्धांत का प्रतिपादन किया। इस सिद्धांत के अनुसार सूर्य ब्रह्मांड के केंद्र में स्थित है तथा पृथ्वी सहित अन्य ग्रह उसकी परिक्रमा कर रहे हैं। यह एक क्रांतिकारी विचारधारा थी,जोकि हमारे सौर-मंडल के लिये सही भी हैं!

जिस समय कोपरनिकस ने उपरोक्त सिद्धांत (सूर्य-केंद्री) दिया था, उस समय पूरे विश्व में अरस्तु एवं टालेमी के सिद्धांतों का बोलबाला था। टालेमी के सिद्धांत को धार्मिक रूप से भी अपना लिया गया था। क्योंकि ईश्वर के पुत्र ईसा के अनुसार ब्रह्माण्ड के केंद्र में पृथ्वी तथा पृथ्वी के केंद्र में हम मनुष्य । अत: धार्मिक-प्रताड़ना के डर से कोपरनिकस ने अपने इस सिद्धांत को अपने अंतिम दिनों में ‘आँन द रिवोल्यूशंस ऑफ़ द सेलेस्टिएल स्फियर्स’ शीर्षक से प्रकाशित करवाया। प्रकाशन के पश्चात् चर्च ने इस कृति को जब्त कर लिया तथा इन विचारों को प्रचारित तथा प्रसारित करने पर प्रतिबन्ध लगा दिया गया। बाद में किसी तरह से एक रोमन प्रचारक ज्योदार्न ब्रूनो को कोपरनिकस की कृति हाथ लग गयी। उसने कॉपरनिकस के सिद्धांत का अध्ययन किया और समर्थन भी। ब्रूनो ने इस सिद्धांत का प्रचार पूरे रोम में कर दिया। कट्टरपंथी एवं धार्मिक रुढ़िवादियों के लिए यह असहनीय था। उन्होंने ब्रूनो को रोम में जिन्दा जला दिया!

केप्लर से न्यूटन तक

जर्मन खगोलशास्त्री जोहान्स केप्लर(1571-1630 ई०) ने कोपरनिकस के सिद्धांत को परिष्कृत किया। केप्लर ने सर्वप्रथम ग्रहों की गतियों का सही स्पष्टीकरण अपने तीन नियमों के आधार पर प्रस्तुत किया। केप्लर के प्रथम नियम के अनुसार ग्रहों का पथ पूर्ण-वृत्ताकार नही हैं। ग्रहों का पथ वस्तुतः दीर्घवृत्ताकार अथवा अंडाकार हैं। केप्लर का द्वितीय नियम अपने पथ पर गतिशील ग्रहों के वेग में होने वाले परिवर्तनों की व्याख्या करता हैं। केप्लर का तृतीय नियम यह बताता हैं कि किन्ही दो ग्रहों के आवर्ती कालों के वर्ग सूर्य से उनकी औसत दूरी के घन के अनुपात में रहते हैं।

इतलावी खगोलशास्त्री गैलीलियो गैलीली(1564-1642 ई०) ने अपने समकालीन खगोलज्ञ जोहान्स केप्लर का समर्थन किया। गैलीलियो के विशिष्ट योगदान से खगोल विज्ञान में एक अत्यंत महत्वपूर्ण मोड़ आया। सन् 1609 में गैलीलियो ने अपवर्तक दूरबीन का आविष्कार किया और उन्होंने सर्वप्रथम खगोल विज्ञान के क्षेत्र में इसका उपयोग भी किया। गैलीलियो ने अपनी दूरबीन की सहायता से चन्द्रमा पर उपस्थित क्रेटर,बृहस्पति ग्रह के चार उपग्रहों सहित सूर्य के साथ परिक्रमा करने वालें सौर कलंकों/सौर धब्बों का पता लगाया। गैलीलियो ही वे वैज्ञानिक थे जिन्होंने यह पता लगाया कि सूर्य के पश्चात् पृथ्वी का निकटवर्ती तारा प्रौक्सिमा-सेंटौरी हैं। इसके अतिरिक्त गैलीलियो ने हमे शुक्र की कलाओं से सम्बन्धित ज्ञान तथा सूर्यकेंद्री सिद्धांत को सत्य प्रमाणित किया। इसलिए गैलीलियो को आधुनिक खगोलशास्त्र के पितामह का सम्मान दिया जाता हैं। गैलीलियो के अमूल्य योगदान को अल्बर्ट आइंस्टीन तथा स्टीफन हाकिंग जैसे महान भौतिकशास्त्रज्ञों ने नम्रतापूर्वक स्वीकार किया। स्टीफन हाकिंग ने लिखा हैं: ‘’गैलीलियो,शायद किसी अन्य व्यक्ति की तुलना में,आधुनिक विज्ञान के जन्मदाता थे।‘’

सर आइजक न्यूटन(1642-1727 ई०) ने गैलीलियो के कार्यों एवं संकल्पनाओं को आगे बढ़ाते हुए ऐसे सिद्धांत दियें,जो आगे चलकर खगोल विज्ञान के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हुए। न्यूटन ने ही हमे बताया कि सूर्य की केन्द्रीय शक्ति ग्रहों के साथ संतुलित रहती हैं इसलिए हमे सूर्य स्थिर प्रतीत होता हैं। न्यूटन ने गुरुत्वाकर्षण सिद्धांत तथा गति के तीन सुप्रसिद्ध नियमों की खोज की। न्यूटन ने सन् 1668 ई० में परावर्तक दूरबीन का आविष्कार किया। न्यूटन ही वे वैज्ञानिक थे जिन्होंने अपने कार्यों के द्वारा खगोलशास्त्र को पराकाष्ठा पर पहुंचा दिया था। आइये अब हम आधुनिक ब्रह्माण्ड विज्ञान की ओर मुड़ते हैं-

स्थैतिक-ब्रह्माण्ड की अवधारणा

जब हम देखते हैं कि आकाश में न तो फैलाव होता और न ही संकुचन तो हम आकाश को स्थिर आकाश कहते हैं जोकि पूरे ब्रह्माण्ड के लिए लागू है। यदि यह वास्तव में पूरे ब्रह्माण्ड के लिए लागू है तो इसका अर्थ है कि ब्रह्माण्ड का आकार सीमित है तथा इसका कुल द्रव्यमान निश्चित एवं सीमित है। इस आधार पर कोई व्यक्ति यह मानेगा कि ब्रह्माण्ड का आकार बड़ा है इसलिए इसका द्रव्यमान अनंत हैं।

स्थैतिक-ब्रह्माण्ड 
न्यूटन ने आकाश में तारों को अपने जगह पर स्थिर देखकर स्थिर ब्रह्माण्ड की परिकल्पना की, लेकिन तारों को अपनी जगह स्थिर रहने का कारण वे खोज नहीं पाए। लेकिन ठहरिये! यदि हम ब्रह्माण्ड को स्थिर (सीमित) मान लें, तो ब्रह्माण्ड के सीमा का अंत कहाँ पर है? इसके सीमा के अंत के पार क्या है? तो ब्रह्माण्ड के परिभाषा के अनुसार”सबकुछ समेट लेना ब्रह्माण्ड का विशिष्ट गुणधर्म हैं” इसके हिसाब से इसके सीमा के अंत के पार को भी हमे ब्रह्माण्ड में शामिल कर लेना चाहिए?

इन सबके बावजूद सर्वकालीन महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन (Albert Einstein) ने स्थिर तथा सीमित ब्रह्माण्ड की परिकल्पना को नहीं नकारा । आइंस्टीन द्वारा सन् 1917 ई० ब्रह्माण्डीय प्रतिरूपों का प्रस्तुतिकरण किया गया और उन्होंने यह भी मान लिया कि ब्रह्माण्ड स्थिर हैं। आइंस्टीन ने स्थिर ब्रह्माण्ड के समर्थन यह तर्क दिया कि ब्रह्माण्ड का द्रव्यमान समयानुसार अपरिवर्तित रहता है। आइन्स्टीन को अपने गुरुत्व-क्षेत्र सिद्धांत में स्थिर ब्रह्माण्ड का कोई संकेत न मिलने के बावजूद उसके समर्थन में उन्होंने अपने ही समीकरण को संसोधित कर डाला। उन्होंने समीकरण में ब्रह्माण्डीय-नियतांक जोड़कर उसे परिवर्तित कर दिया ताकि उनके द्वारा जोड़ा गया ब्रह्माण्डीय नियतांक आकर्षण बल के विपरीत प्रतिकर्षण का कार्य करके ब्रह्माण्ड को स्थिर रख सके। बाद में उन्होंने स्वयं गलत माना। 

आइंस्टीन के ब्रह्माण्डीय प्रतिरूपों के अनुसार ब्रह्माण्ड तीन प्रकार का स्वरूप धारण कर सकता हैं। पहला-यह एक गोले की सतह की तरह धनात्मक झुका और इसका विस्तार एक सीमा में बंधा हो सकता हैं। दूसरा-घोड़े की पीठ पर रखी जाने वाली जीन की तरह ऋणात्मक झुका हो सकता हैं और विस्तार अनंत। तीसरे प्रतिरूप के अनुसार यह चपटा हो सकता हैं,जिस पर युक्लिड की ज्यामिती लागू होती हैं और इसकी वक्रता शून्य हो सकती हैं। और इसका विस्तार सीमाहीन हो सकता हैं।

सीमितता-युक्त ब्रह्माण्ड में यदि प्रकाश की किरणें भेजी जाए तो वह ब्रह्माण्ड का चक्कर लगाकर लौट आएगी। जबकि अनंत अथवा सीमाहीन ब्रह्माण्ड में प्रकाश की किरणें किसी भी दिशा में भेजी जाए,तो वह वापिस नही आएगी।

प्रसारी ब्रह्माण्ड

सन् 1922 में रुसी खगोलशास्त्री और गणितज्ञ अल्कजेण्डर फ्रीडमैन (Alexander Freedman) ने अपने सैद्धांतिक खोजों तथा ब्रह्माण्डीय प्रतिरूपों के आधार पर पता लगाया कि आइंस्टीन द्वारा प्रतिपादित स्थिर ब्रह्माण्ड की अवधारणा आस्वीकार्य है, परन्तु उन्होंने ब्रह्माण्ड के गतिशील होने की बात रखी और उन्होंने तर्क दिया कि ब्रह्माण्ड का स्थैतिक अवस्था में रहना नामुमकिन है। उन्होंने पाया कि आइंस्टीन के समीकरणों के अनुसार ब्रह्माण्ड का द्रव्यमान बढ़ना चाहिये या घटना चाहिये पर यह समयानुसार सुनिश्चित नहीं रह सकता। उन्होंने पाया कि आइन्स्टीन का समीकरण स्थिर-ब्रह्माण्ड के समर्थन में कोई भी संकेत नही देता है। अत: फ्रीडमैन ने यह निष्कर्ष निकाला कि हमारा ब्रह्माण्ड स्थिर नहीं,गतिशील है।

फ्रीडमैन की खोज के लगभग 07 वर्ष बाद एडविन पी० हब्बल (Edwin P Hubble) ने 1929 में ब्रह्माण्ड के विस्तारित होने के पक्ष में प्रभावी तथा रोचक सिद्धांत रखा। हब्बल ने ही हमें बताया कि ब्रह्माण्ड में हमारी आकाशगंगा की तरह लाखोँ अन्य आकाशगंगाएं भी हैं। उन्होंने अपने प्रेक्षणों से यह निष्कर्ष निकाला कि आकाशगंगाएं ब्रह्माण्ड में स्थिर नही हैं,जैसे-जैसे उनकी दूरी बढ़ती जाती हैं वैसे ही उनके दूर भागने की गति तेज़ होती जाती है।

इस तथ्य को एक ही तरह समझाया जा सकता है- यह मानकर कि आकाशगंगाएं बहुत बड़े वेग यहाँ तक प्रकाश तुल्य वेग के साथ हमसे दूर होती जा रही हैं। आकाशगंगाएं दूर होती जा रही हैं तथा ब्रह्माण्ड फ़ैल रहा हैं। यह डॉप्लर प्रभाव द्वारा ज्ञात किया गया हैं। सभी आकाशगंगाओं के वर्ण-क्रम की रेखाएँ लाल सिरे की तरफ सरक रही हैं यानी वे पृथ्वी से दूर होती जा रही हैं, यदि आकाशगंगाएं पृथ्वी के समीप आ रही होती हैं, तो बैगनी-विस्थापन होता। अत: आज अनेकों तथ्य यह इंगित कर रहे हैं कि ब्रह्माण्ड प्रकाशीय-वेग के तुल्य विस्तारमान हैं ठीक उसी प्रकार जिस तरह हम गुब्बारे को फुलाते हैं तो उसके बिंदियो के बीच दूरियों को हम बढ़ते देखते हैं।

सन् 2011 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित तीन खगोल वैज्ञानिकों साउल पर्लमुटर (Saul Perlmutter), एडम रीज (Adam G. Riess) और ब्रायन स्कमिड्ट (Brian P. Schmidt) ने निष्कर्ष निकाला कि ब्रह्माण्ड के विस्तार की गति में त्वरण आ रहा है। यानी ब्रह्माण्ड समान नहीं बल्कि त्वरित गति से फ़ैल रहा है। इसके त्वरित होने का मुख्य कारण श्याम ऊर्जा है। यानी श्याम ऊर्जा ब्रह्माण्ड के विस्तार को गति प्रदान कर रही है।

हब्बल के निष्कर्ष के अनुसार किसी आकाशगंगा का वेग निम्न सूत्र द्वारा निकाला जा सकता है-

आकाशगंगा का वेग = ह्ब्बल-स्थिरांक x दूरी (V=Hxd)

ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति

ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति कैसे हुई? इस प्रश्न के उत्तर स्वरूप वैज्ञानिको की एक अनोखी मान्यता है (यह ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति का सर्वाधिक मान्य सिद्धांत है)। इस सिद्धांत को महाविस्फोट का सिद्धांत या बिग-बैंग थ्योरी के नाम से जाना जाता है। इस सिद्धांत का प्रतिपादन जार्ज लेमितरे नामक एक खगोलशास्त्री ने किया था।

इस सिद्धांत के अनुसार, ब्रह्माण्ड प्रारम्भिक रूप से एक सेंटीमीटर के आकार की एक अत्यंत ठोस और गर्म गोली थी। अचानक एक विस्फोट के कारण यह सम्पूर्ण तक विस्फोटित होती चली गई। यह हमारा ब्रह्माण्ड उसी गोली में निहित था। इस महाविस्फोट से अत्याधिक गर्मी और सघनता फैलती चली गई। कुछ वैज्ञानिक मानते हैं यह महाविस्फोट 15 अरब वर्ष पूर्व हुआ था। इसी से सारे मूलभूत कणों (इलेक्ट्रान, प्रोटान, फोटान इत्यादि), उर्जा की उत्पत्ति हुई थी।

यह मत भी प्रकट किया गया कि मात्र एक सेकेंड के दस लाखवें भाग में इतना बड़ा विस्फोट हुआ और अरबों किलोमीटर तक फैलता चला गया। उसके बाद से इसका निरन्तर विस्तार होता रहा और इसका विस्तार कहाँ तक हुआ यह अनुमान लगाना सम्भव नहीं है।

ब्रह्माण्ड में सर्वप्रथम हीलियम तथा हाइड्रोजन तत्वों का निर्माण हुआ। यही कारण हैं कि सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड में 90 प्रतिशत हाइड्रोजन तथा 08 प्रतिशत हीलियम पाया जाता है। शेष 02 प्रतिशत में अन्य सभी तत्व आते हैं।

लेकिन हमारे पास बिग-बैंग को मानने के क्या सबूत हैं? इसका सबसे बड़ा सबूत है हब्बल का नियम यानी सभी आकाशगंगाए हमसे दूर होती जा रही हैं, इसलिए अतीत में पूरे ब्रह्माण्ड का समस्त द्रव्य एक ही जगह पर एकत्रित रहा होगा।

बिग-बैंग हमें यह नहीं समझाता कि आकाशगंगाओं, ग्रहों तथा विशाल आकर के खगोलीय पिंडो की उत्पत्ति कैसे हुई? खगोल-विज्ञानियों के अनुसार आकाशगंगाओं, तारों, उल्कापिंडो इत्यादि की उत्पत्ति बिग-बैंग के लगभग एक करोड़ वर्ष बाद हुई। बिग-बैंग हमें यह भी नहीं समझाता कि यह महाविस्फोट आखिर क्यों हुआ?

ब्रह्माण्ड कब तक फैलता रहेगा? उसका फैलाव उसे कहाँ तक ले जायेगा?

वर्तमान में ब्रह्माण्ड के फैलाव तथा अंत के विषय में चार प्रमुख सम्भावनाएं व्यक्त की गई हैं।

1) महा-विच्छेद (The Big Rip):-

इस सम्भावना के अनुसार ब्रह्माण्ड तब तक विस्तारित होता रहेगा जब तक प्रत्येक परमाणु टूट कर इधर-उधर फ़ैल नही जायेगा। यह ब्रह्माण्ड के अंत का सबसे भयानक घटना होगी लेकिन ब्रह्मांड को इस अवस्था में देखने के लियें हम जीवित नही रहेंगे क्योंकि इस अवस्था तक पहुचने से पहले से हमारी आकाशगंगा, ग्रह और हम नष्ट हो चुके होंगे। वैज्ञानिकों के अनुसार यह घटना आज से लगभग 23 अरब वर्ष बाद होगी।

2) महा-शीतलन (The Big Freeze):-

इस सम्भावना के अनुसार ब्रह्माण्ड के विस्तार के कारण सभी आकाशगंगाएँ एक दूसरे से दूर चले जायेंगी तथा उनके बीच कोई भी सम्बंध नहीं रहेगा। इससे नये तारों के निर्माण के लिये गैस उपलब्ध नहीं होगा। इसका परिणाम यह होगा कि ब्रह्माण्ड में उष्मा के उत्पादन में अत्याधिक कमी आयेगी और समस्त ब्रह्माण्ड का तापमान परम-शून्य (Absolute Zero) तक पहुँच जायेगा। और महा-शीतलन के अंतर्गत हमारे ब्रह्माण्ड का अंत हो जायेगा। वैज्ञानिकों के अनुसार यह ब्रह्माण्ड के अंत की सबसे अधिक सम्भावित अवस्था है। कुछ भी हों लेकिन यह भी पूरी तरह से निश्चितता से नहीं कहा जा सकता कि इसी अवस्था से ब्रह्माण्ड का अंत होगा।

3) महा-संकुचन (The Big Crunch):-

इस सम्भावना के अनुसार एक निश्चित अवधि के पश्चात् इसके फैलाव का क्रम रुक जायेगा और इसके विपरीत ब्रह्माण्ड संकुचन करने लगेगा अर्थात् सिकुड़ने लगेगा और अंत में सारे पदार्थ बिग-क्रंच की स्थिति में आ जायेगा। उसके बाद एक और बिग-बैंग होगा और दूबारा ब्रह्माण्ड का जन्म होगा। क्या पता कि हमारा ब्रह्माण्ड किसी अन्य ब्रह्माण्ड के अंत के पश्चात् अस्तित्व में आया हो?

4) महाद्रव-अवस्था (The Big Slurp):-

इस सम्भावना के अनुसार ब्रह्माण्ड स्थिर अवस्था में नही है। और हिग्स-बोसॉन ने ब्रह्माण्ड को द्रव्यमान देने का काम किया है। जिससे यह सम्भावना है कि हमारे ब्रह्माण्ड के अंदर एक अन्य ब्रह्माण्ड का जन्म हो और नया ब्रह्माण्ड हमारे ब्रह्माण्ड को नष्ट कर देगा।

अब सवाल यह उठता है कि क्या हमने उपरलिखित सभी प्रश्नों के उत्तर पा लिया है? नहीं! हम किसी भी प्रश्न का संतोषजनक उत्तर नहीं ढ़ूंढ़ पाये हैं। इससे यह साबित होता है कि ब्रह्माण्ड के बारे मे कोई भी सिद्धांत संपूर्ण नहीं हैं। हब्बल के मत से खगोलशास्त्री आइजक असिमोव सहमत नहीं हैं। विश्व-विख्यात खगोलशास्त्री फ्रेड होयल ने बोंडी और गोल्ड के साथ मिलकर ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति का ‘स्थाई अवस्था सिद्धांत’ प्रस्तुत किया हैं। इस सिद्धांत के अनुसार ब्रह्माण्ड का न तो आदि हैं और न ही अंत। यह समयानुसार अपरिवर्तित रहता हैं। यद्यपि इस सिद्धांत में प्रसरणशीलता समाहित हैं,फिर भी ब्रह्माण्ड के घनत्व को स्थिर रखने के लिए इसमें पदार्थ स्वत: रूप से सृजित होता रहता हैं। जहाँ महाविस्फोट के सिद्धांत में पदार्थोँ का सृजन अकस्मात शुरू हुआ,वहीं स्थाई अवस्था सिद्धांत में पदार्थों का सृजन हमेशा चालू रहता हैं।शायद यही विज्ञान है, जो प्रश्नों के जवाब तो देता है किन्तु साथ ही नये प्रश्न भी खड़े कर देता है।